मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में सांसद अनिल बलूनी के आवास पर पहुंचकर दी लोकपर्व इगास की शुभकामनाएं; मुख्यमंत्री ने कहा- इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता का प्रतीक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में पौड़ी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनिल बलूनी के आवास पर पहुंचकर उन्हें उत्तराखंड के लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके परिवारजनों को भी इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों से प्राप्त परंपराओं को संजोने का संदेश देता है। इगास का पर्व उत्तराखंड के जनजीवन में विशेष स्थान रखता है और प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करता है।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया लोकपर्व इगास, मुख्यमंत्री धामी ने भैलो खेलकर निभाई लोक परंपरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोकपरंपराएं केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर ही नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी प्रेम का भी प्रतीक हैं। इगास जैसे लोकपर्व हमें अपनी जड़ों, अपनी मिट्टी और अपनी परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं। इन पर्वों के माध्यम से नई पीढ़ी को भी अपनी लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिलता है।

ये भी पढ़ें:  कर्मचारियों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, कांग्रेस करेगी पुरानी पेंशन बहाल : डॉ. हरक सिंह रावत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। इगास जैसे लोकपर्वों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने से हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है तथा देश-दुनिया में उत्तराखंड की विशिष्ट लोकपरंपराओं का प्रचार-प्रसार भी हो रहा है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज तथा डॉ धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार को पर्यावरणीय मंज़ूरी, रनवे 3,000 मीटर तक बढ़ेगा, पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार कुमाऊं के लिए ऐतिहासिक कदम–मुख्यमंत्री धामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *