आंगनबाड़ीकार्यकत्रियों के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान, आंगनबाड़ीकार्यकत्रियों ने सीएम धामी का जताया आभार

देहरादून। प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं के लिए मानदेय बढ़ाने की घोषणा के बाद कर्मचारी संगठनों में उत्साह है। दिसंबर 2026 से मानदेय में वृद्धि किए जाने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के फैसले पर रविवार को आंगनबाड़ी कर्मचारी संगठनों के दो प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर उनका आभार जताया।

आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से लंबे समय से सेवाएं दे रही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी। साथ ही उनका मनोबल भी बढ़ेगा।

ये भी पढ़ें:  रायचंद हाउस में रखें कदम: पहली बार बॉलीवुड के सबसे मशहूर फैमिली होम में से एक को जीवंत कर रही है एयरबीएनबी

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं बेहद अहम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। उनके योगदान को देखते हुए सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें:  मालदेवता-टिहरी रोड पर अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ एमडीडीए की कार्रवाई, 3-4 बीघा भूमि पर की गई सीलिंग

उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं को बेहतर अवसर, सम्मान और आवश्यक सुविधाएं मिलें। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण से ही महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिल रही है।

मुलाकात के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  सुनील की कप्तानी में दून किंग राइडर दूसरी बार बनी चैंपियन, सधी गेंदबाजी के दम पर फाइनल में दून स्ट्राइकर्स को 36 रन से हराया

मानदेय वृद्धि की घोषणा को आंगनबाड़ी संगठनों ने अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि सरकार आगे भी उनकी समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *