12-13 अक्टूबर को देहरादून आएगा निर्वाचन आयोग के उच्च अधिकारियों का दल

भारत निर्वाचन आयोग के उच्च अधिकारियों का दल आगामी 12 एवं 13 अक्टूबर को देहरादून का भ्रमण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लेगा। भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को निर्वाचन से जुड़े सभी नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में उपलब्ध सभी विभागों के कार्मिकों का अद्यतन डेटाबेस शीघ्र तैयार किया जाए। निर्वाचन के लिए वेयरहाउस में उपलब्ध ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की स्थिति का आकलन करते हुए अतिरिक्त मशीनों की आवश्यकता का विवरण भी तैयार किया जाए। उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:  मात्र 300 रुपए के लिए कर डाले 3 मर्डर, रायपुर क्षेत्र में हुई बुजुर्ग दम्पत्ति व नौकरानी की हत्या करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार

उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को संवेदनशील एवं अति संवेदनशील सहित सभी मतदान केंद्रों की मैपिंग का कार्य सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विधानसभा निर्वाचन से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक समितियों का गठन शीघ्र करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को उपलब्ध सुरक्षा बलों का विवरण तैयार करने के साथ ही निर्वाचन के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा बलों की आवश्यकता का आकलन कर मांग प्रस्तुत करने को कहा।

ये भी पढ़ें:  बजाज फाइनेंस ने फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों में 40 बेसिस पॉइंट्स तक की बढ़ोतरी की; वरिष्ठ नागरिक सालाना कमा सकते हैं 8.15% तक ब्याज; रिन्यूअल पर मिलेगा सालाना 0.10% अतिरिक्त ब्याज

मतदान में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रमों पर अभी से विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया जाए।

उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कार्मिकों के प्रशिक्षण, पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं वापसी, ईवीएम वेयरहाउस तथा मतगणना स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।

ये भी पढ़ें:  उत्तराखंड का पूर्ण साक्षर राज्य बनना प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गौरव की उपलब्धि : मुख्यमंत्री

बैठक उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिला निर्वाचन अधिकारी केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, सभी नोडल अधिकारी सहित वर्चुअल माध्यम से सभी उप जिलाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *