वन मंत्री सुबोध उनियाल ने देहरादून जू में ‘हिमालयन काले भालू’ के नए बाड़े का किया उद्घाटन; पर्यटकों को किया समर्पित

देहरादून। प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने आज देहरादून जू स्थित मालसी परिसर में ‘हिमालयन काला भालू’ (रीख) के नवीन बाड़े का उद्घाटन कर उसे पर्यटकों के अवलोकनार्थ समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मानव-वन्यजीव संघर्ष को न्यूनतम करने तथा प्रकृति एवं मानवता के मध्य संतुलित समन्वय स्थापित करने हेतु निरंतर कार्य कर रही है।

वन मंत्री उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड जैव-विविधता एवं वन्यजीव संपदा की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध राज्य है तथा वन्यजीव संरक्षण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ‘फॉरेस्ट कंजर्वेशन’ के अंतर्गत वन्यजीव विनिमय कार्यक्रम को भविष्य में और अधिक गति प्रदान की जाएगी, जिससे वन्यजीव संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।

ये भी पढ़ें:  भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से परिवहन संबंधी आवश्यक अनुमति प्राप्त होने के उपरांत राज्य में पर्याप्त संख्या में उपलब्ध वन्यजीवों को अन्य राज्यों की मांग एवं वहां की पारिस्थितिक आवश्यकताओं के अनुरूप संबंधित नेशनल पार्कों एवं चिड़ियाघरों में स्थानांतरित किया जाएगा। इस पहल से न केवल वन्यजीव संरक्षण को मजबूती मिलेगी, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में जैव-विविधता के संतुलन को बनाए रखने में भी सहायता प्राप्त होगी।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में पीएम आवास योजना (शहरी) की प्रगति की हुई समीक्षा

उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन एवं सुरक्षित आवास सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने देहरादून जू प्रशासन एवं वन विभाग की टीम को इस नवीन बाड़े के निर्माण एवं व्यवस्थाओं के लिए बधाई देते हुए कहा कि इससे पर्यटकों एवं वन्यजीव प्रेमियों को हिमालयी वन्यजीवों के बारे में बेहतर जानकारी प्राप्त होगी।

ये भी पढ़ें:  एमडीडीए बोर्ड बैठक में 25 विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी, देहरादून-मसूरी के नियोजित विकास को मिलेगी रफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *