लोहाघाट विधानसभा की पाटी नगर पंचायत में निर्दलीय नारायण लाल का परचम, 164 वोटों से दर्ज की शानदार जीत; जीत के बाद नारायण लाल ने लगाए धामी ज़िंदाबाद के नारे- बोले “धामी जी के सेवक थे और रहेंगे”

लोहाघाट। नवगठित पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 164 मतों से पराजित कर दिया। कांग्रेस विधायक के विधानसभा क्षेत्र में हुए इस चुनाव में कांग्रेस का कोई अधिकृत प्रत्याशी मैदान में नहीं होने से परिणाम ने स्थानीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

मतगणना के अनुसार नारायण लाल को 678 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी नवीन राम को 514 वोट मिले। इस तरह नारायण लाल ने 164 मतों के अंतर से जीत हासिल कर पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव में अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ का परिचय दिया। नारायण लाल बॉलीवुड गायक पवनदीप राजन के जीजा भी हैं।

ये भी पढ़ें:  अपर निजी सचिव परीक्षा-2024 का परिणाम जारी, कृष्णा स्टेनोग्राफर एवं टाइपिंग सेंटर के छात्रों ने लहराया परचम

जीत के बाद समर्थकों के साथ उत्साह व्यक्त करते हुए नारायण लाल ने “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिंदाबाद” के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक और वैचारिक संबंध भारतीय जनता पार्टी से रहा है और आगे भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया, लेकिन जनता ने उन पर विश्वास जताकर उन्हें विजयी बनाया।

जनता के भरोसे पर खरा उतरूंगा

नारायण लाल ने अपनी जीत का श्रेय पाटी की जनता को देते हुए कहा कि अब उनकी प्राथमिकता नगर पंचायत क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनसमस्याओं का समाधान करना होगा। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

ये भी पढ़ें:  मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन ने अपने चौथे वर्ष में मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप का किया विस्तार, अब 250 मेधावी MBBS छात्रों की शिक्षा को मिलेगा वित्तीय सहयोग

कांग्रेस की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल

पाटी नगर पंचायत को लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा माना जाता है, जिसे कांग्रेस का मजबूत क्षेत्र भी कहा जाता रहा है। इसके बावजूद कांग्रेस द्वारा अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं किए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। भाजपा समर्थकों का कहना है कि कांग्रेस को पहले से ही हार का अंदेशा था, इसलिए उसने चुनावी मैदान में उतरने से परहेज किया।

ये भी पढ़ें:  अपर निजी सचिव परीक्षा-2024 का परिणाम जारी, कृष्णा स्टेनोग्राफर एवं टाइपिंग सेंटर के छात्रों ने लहराया परचम

पहली बार नगर पंचायत चुनाव बना चर्चा का केंद्र

भाजपा के स्थानीय नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए पाटी को नगर पंचायत का दर्जा दिया और पहली बार यहां लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव संपन्न कराए। हालांकि भाजपा प्रत्याशी नवीन राम दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन उन्हें मिले 514 मतों को पार्टी की मजबूत मौजूदगी के रूप में देखा जा रहा है। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी की जीत ने यह स्पष्ट कर दिया कि स्थानीय मुद्दों और व्यक्तिगत जनाधार ने इस चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *